@जे0 के0….

SONBHADRA। रेनुकूट में सड़क किनारे परेशान अवस्था में रो रहे 9 वर्षीय बालक आयुष को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बालक 22 अगस्त को सड़क किनारे अकेला मिला था।

सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के धर्मवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर बालक को रेस्क्यू किया। बालक ने अपना नाम आयुष, पिता बजरंगी और माता लक्ष्मी देवी बताया,

लेकिन वह अपने गांव का नाम नहीं बता पा रहा था। टीम ने काउंसलिंग और लगातार प्रयास के बाद बालक से उसके घर के आसपास के स्थानों की जानकारी जुटाई।

जानकारी के आधार पर बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क किया गया। करीब एक सप्ताह की खोजबीन के बाद पता चला कि आयुष गया जनपद का रहने वाला है। इसके बाद परियोजना समन्वयक ने संबंधित थाने से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी।

परिजनों के सोनभद्र पहुंचने पर बालक को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मां को देखते ही आयुष भावुक होकर रोने लगा, वहीं परिजन भी भावुक हो गए। CWC के आदेश पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आयुष को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि कोई भी बच्चा अकेला, असहाय या मुसीबत में दिखाई दे तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें।