Vande Bharat Sleeper Train: उत्तर प्रदेश और देश के रेल यात्रियों के लिए एक ऐतिहासिक और बेहद खुशखबरी सामने आ रही है. भारतीय रेलवे द्वारा देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है, जो उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर वाराणसी से चलकर नई दिल्ली के बीच पटरियों पर फर्राटे भरेगी. इस हाई-स्पीड और आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन का बहुप्रतीक्षित संचालन आगामी 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. इस सौगात से उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का सफर न सिर्फ तेज बल्कि बेहद आरामदायक हो जाएगा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को वाराणसी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से इस अत्याधुनिक स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह देश में अपनी तरह की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन होगी (इससे पहले पहली ट्रेन गुवाहाटी और कोलकाता के बीच शुरू की गई थी). यह ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी और फिर नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी की दिशा में भी इसका इन्हीं स्टेशनों पर ठहराव होगा.
कोच और यात्री क्षमता
इस स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 16 एलएचबी एसी (LHB AC) कोच लगाए गए हैं, जिनमें यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है:
- फर्स्ट एसी (First AC): 1 कोच
- सेकंड एसी (Second AC): 4 कोच
- थर्ड एसी (Third AC): 11 कोच
इस पूरी ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 यात्रियों की होगी. ट्रेन का रखरखाव और मेंटेनेंस वाराणसी में किया जाएगा, जबकि रास्ते में प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर इसमें पानी भरने की विशेष व्यवस्था की गई है.
जानिए क्या है पूरा टाइम टेबल
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसका समय इस प्रकार तय किया गया है कि लोग रात में सफर करते हुए आराम से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें:
गाड़ी संख्या 27421 (वाराणसी से नई दिल्ली):
वाराणसी से प्रस्थान: रात 8:50 बजे
प्रयागराज आगमन/प्रस्थान: रात 10:35 बजे से 10:40 बजे
कानपुर सेंट्रल आगमन/प्रस्थान: रात 12:20 बजे से 12:45 बजे
नई दिल्ली पहुंचने का समय: सुबह 6:55 बजे
गाड़ी संख्या 27422 (नई दिल्ली से वाराणसी):
नई दिल्ली से प्रस्थान: रात 9:40 बजे
प्रयागराज आगमन/प्रस्थान: सुबह 4:45 बजे से 4:50 बजे
वाराणसी पहुंचने का समय: सुबह 6:45 बजे

