Last Updated:
एशियन पैरा गेम्स 2025 में भारत की शीतल देवी और तोमन कुमार ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आर्चरी के कंपाउंड मिश्रीत प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. फाइनल में शीतल और तोमन का मुकाबला इंडोनेशिया की तेओडोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलंग से था.
शीतल देवी और तोमन कुमार
नई दिल्ली: एशियन पैरा गेम्स में शीतल देवी और तोमन कुमार ने आर्चरी में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया. शीतल और तोमन ने कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में ये मेडल अपने नाम किया है. भारतीय जोड़ी ने एकतरफा फाइनल में इंडोनेशिया की तेओडोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलंग को 151-148 से हराया.
क्वालीफाइंग राउंड में विश्व रिकार्ड बनाने वाली शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने फाइनल में शुरू से लेकर आखिर तक अपनी बढ़त बनाए रखी. भारतीय टीम ने पहले सेट में 38-37 से बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद उन्होंने दूसरे सेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया और 77-73 के अंतर से अपनी बढ़त चार अंक की कर दी. इस दौरान उन्होंने केवल एक अंक गंवाया.
शुरुआत से ही शीतल और तोमन ने बनाए रखा दबदबा
इंडोनेशियाई टीम ने तीसरे सेट में एक अंक से जीत हासिल की, लेकिन भारतीय टीम ने तीन अंकों की बढ़त बनाए रखी. अंतिम सेट में दोनों टीमों ने 38 अंक बनाए, जो भारत को तीन अंकों की जीत के साथ स्वर्ण पदक दिलाने के लिए पर्याप्त थे.
शीतल और तोमन ने क्वालीफाइंग राउंड में 1402 अंक बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था. शीतल जन्म से ही भुजाहीन है. वह धनुष को सही स्थिति में रखने के लिए अपने पैरों का इस्तेमाल करती हैं और डोरी को खींचने और छोड़ने के लिए अपने कंधे और जबड़े का उपयोग करती हैं.
शीतल ने एशियन गेम्स का भी रिकॉर्ड बनाया
महिलाओं की कंपाउंड आर्चरी के रैंकिंग राउंड में शीतर ने 704 पॉइंट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी. शीतल तुर्की की ओज्नुर क्योर के साथ संयुक्त रूप से वर्ल्ड रिकॉर्ड को साझा करने वाली दूसरी आर्चर बनी हैं. शीतल देवी ने इस साल मार्च में थाईलैंड के बैंकॉक में बनाए गए अपने 698 अंकों के पिछले एशियाई रिकॉर्ड में भी छह अंकों का सुधार किया.
शीतल ने क्वालिफिकेशन राउंड के दोनों हाफ में 352-352 पॉइंट हासिल किए. इसके अलावा भारत के अभियान की जोरदार शुरुआत करते हुए पहला स्थान हासिल करने के लिए उन्होंने 32 ‘X’ और 25 ’10’ स्कोर किए. इस प्रदर्शन के साथ, उन्होंने हांगझोउ में 2023 में बनाए गए अपने पिछले 680 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक एशियन गेम्स में नया रिकॉर्ड भी बनाया.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…

