Last Updated:
Ayodhya News: कोलकाता दुर्गा पंडाल में हुए भीषण हादसे के बाद अब हर राज्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गई है. अयोध्या में भी अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण करने के साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण किया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अयोध्या जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरे के आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण करने के साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण किया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
इस दौरान यातायात व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. तस्वीरें रामनगरी अयोध्या की हैं, जहां शारदीय नवरात्रि का पर्व पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. शहर के पुराने इलाकों और चौक के आसपास स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है.
सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा और आयोजकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है.
राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुचारु आवागमन के लिए विशेष यातायात योजना तैयार की गई है. आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
अग्निशमन सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान
प्रशासन ने केवल पुलिस सुरक्षा ही नहीं, बल्कि अग्निशमन सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया है. दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों की जांच की गई है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है. वहीं, दुर्गा पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. आगामी विसर्जन कार्यक्रमों को लेकर भी योजना तैयार की गई है, ताकि निर्धारित मार्गों और स्थलों पर विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके.
कमियों को तत्काल दूर करने का प्रयास
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने भी अधिकारियों के साथ भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठकें कर उनके सुझावों पर ध्यान दिया जा रहा है और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी भय और परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो.

