Last Updated:
Chandrika Devi Temple closed: 5000 से भी ज्यादा भक्त हर दिन 9 दिनों तक प्रसिद्ध मंदिर चंद्रिका देवी मां के दर्शन करने आते हैं. मगर, इस साल इन लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है. आइए जानते हैं वजह.
प्रसिद्ध मंदिर चंद्रिका देवी मंदिर बंद है.
Lucknow News : यूपी की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब में स्थित प्रसिद्ध मंदिर चंद्रिका देवी मां को लखनऊ की कुलदेवी माना जाता है. यही वजह है कि लखनऊ में चाहे आम हो या खास किसी की भी कोई भी शुभ काम होता है तो सबसे पहले चंद्रिका देवी के ही दर्शन करने की मान्यता है. मगर, अब ऐसा क्या हो गया कि नवरात्रि पर इस 300 साल पुराने मंदिर में दर्शन ही बंद करने पड़ गए हैं. श्रद्धालुओं को बिना दर्शन के वापस लौटना पड़ रहा है. आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह.
दरअसल, लखनऊ में कई जगह बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. कई दिनों से अलग-अलग इलाकों में पानी भरा हुआ है. ऐसे में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला लिया गया है कि मंदिर को फिलहाल बंद रखा जाएगा. इसके लिए पुलिस ने मंदिर से करीब 200 मीटर पहले बैरियर लगा दिया है. यहां बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को सूचना दी जा रही है कि बाढ़ के कारण मंदिर में दर्शन बंद हैं.
दरअसल, 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हुई है, जिसका समापन 20 अक्टूबर को होगा. इन नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है. ऐसे में मंदिर में दर्शन बंद होने से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय दुकानदारों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. मंदिर के पुजारियों का कहना है कि करीब 20 साल बाद गोमती नदी का पानी मंदिर के रास्ते तक पहुंचा है. नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मंदिर में दर्शन बंद होने से भक्तों को निराशा हो रही है. वहीं, मंदिर के आसपास दुकानें लगाने वाले कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है.
दूसरी ओर, लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है. कई घर पानी में डूबे हुए हैं. कुछ लोग अपने घर छोड़कर दूसरी जगह चले गए हैं, जबकि कई परिवार छतों पर रहने को मजबूर हैं. प्रशासन की ओर से इलाके में करीब 90 नावों का संचालन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को आने-जाने में मदद मिल सके.
About the Author

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें

