Last Updated:
मोना सिंह ने सीरियल जस्सी जैसी कोई नहीं से घर-घर में खास पहचान बनाई. शो के दौरान उन्हें कई सख्त नियमों और पाबंदियों का सामना करना पड़ा था. खुद इंटरव्यू में मोना सिंह ने इस शो को लेकर बातचीत की थी. चलिए बताते हैं उनके जन्मदिन पर ये रोचक किस्सा.
मनोरंजन जगत में कई कलाकारों को उनके किरदार से इतनी शोहरत मिल जाती है कि लोग उन्हें उनके असली नाम से भी पहले उसी किरदार से जानते हैं. अभिनेत्री मोना सिंह के लिए वह किरदार ‘जस्सी’ का था. शो की लोकप्रियता इतनी ज्यादा थी कि शुरुआत में मोना सिंह को अपनी पहचान छिपाकर रखने और कई सख्त नियमों का पालन करना पड़ा था. (Image: Insta/monajsingh)
8 अक्टूबर को पुणे में जन्मी मोना सिंह को टीवी सीरियल ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ ने एक आम लड़की की तरह सीधे लोगों के दिल में बसा दिया था. जस्सी वालिया की भूमिका ने मोना को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया लेकिन इस मशहूर किरदार के पीछे उनकी जिंदगी की कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है, जितनी खुद जस्सी की कहानी थी. छोटे पर्दे की इस जस्सी के लिए स्टारडम की चमक के साथ-साथ कई चुनौतियां भी आईं, जिनका सामना करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई. (Image: Insta/monajsingh)
मोना सिंह ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के दौरान उन पर इतनी पाबंदियां थीं कि उनके खुद के को-स्टार्स को भी उनके बारे में पता नहीं था. हालांकि ये वो सीरियल था जिसने उन्हें खूब प्यार दिलवाया और स्टार बना दिया. (Image: Insta/monajsingh)
Add News18 as
Preferred Source on Google
इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, “जस्सी का लुक इतना साधारण था कि मुझे वैक्सिंग, थ्रेडिंग, आईब्रो करने की परमिशन नहीं था. इसके साथ ही, मेरे चेहरे पर ज्यादा बाल चिपका देते थे. मुझे अपना चेहरा ब्लीच करने की इजाजत तक नहीं थी. पाबंदियां इतनी सख्त थी कि शो में मेरे को-स्टार्स तक मुझे नहीं जानते थे कि मोना असल जिंदगी में कैसी दिखती हैं.” (Image: Insta/monajsingh)
अभिनेत्री ने बताया कि शो के लिए उन्हें पहला अवॉर्ड जसमीत वालिया के रूप में मिला था. उन्होंने कहा, “उस समय यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि होती थी क्योंकि यह शो बहुत पॉपुलर था.” (Image: Insta/monajsingh)
हालांकि, ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के दौरान मीडिया ने शो के मेकर्स को चुनौती दी थी कि वे असली पहचान, उनका पता और असल जिंदगी और लुक का खुलासा जल्द ही करेंगे. बताया जाता है कि मीडिया के ऐसा कहने से मेकर्स कुछ समय के लिए घबरा गए थे, जिसके बाद उन्होंने मोना सिंह पर और भी पाबंदियां लगा दी थी. शो के दौरान अभिनेत्री को उनके घर से बाहर एक होटल में रहने के लिए कहा गया था, कार बदलवा दी गई थी और वह होटल में भी जस्सी के लुक में रहती थीं. (Image: Insta/monajsingh)
टीवी शो ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के अलावा अभिनेत्री ने कई टीवी शो, फिल्म और रियलिटी शो में काम कर पहचान बनाई. उन्होंने डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ के पहले सीजन (2006) में हिस्सा लिया और उसकी विजेता बनी थीं. (Image: Insta/monajsingh)
उन्होंने आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ (2009) के अलावा ‘लाल सिंह चड्ढा’, ‘मुंज्या’ जैसी फिल्मों में भी बेहतरीन अभिनय किया है. अभिनेत्री मोना सिंह ने 27 दिसंबर 2019 को श्याम गोपालन से शादी की थी. अब वह ओटीटी और फिल्मों में ज्यादातर सक्रिय रहती हैं. (Image: Insta/monajsingh)

