Last Updated:
Asian Games 2026 Day 11 LIVE: नमस्कार न्यूज18 हिंदी के लाइव आर्टिकल में आपका स्वागत है. आज 29 सितंबर को भारतीय दल एशियन गेम्स के 11वें दिन मेडल जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है. मैं अंशुल तलमले हूं और आपको आज ट्रैक एंड फील्ड, बॉक्सिंग, शूटिंग समेत उन सभी गेम्स में भारत की पोजिशन बताऊंगा, जिसमें हमारे खिलाड़ी जी-जान लगा रहे हैं.
एशियन गेम्स में आज भारत ने शूटिंग में सिल्वर जीता
आईची-नागोया: एशियन गेम्स में आज 11वें दिन भारत की जबरदस्त शुरुआत हुई. महिला शूटिंग टीम ने ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता, इसी के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 46 पर पहुंच चुकी है. आज बॉक्सिंग और एथलेकिटक्स के कई सेमीफाइनल और फाइनल इवेंट खेले जाएंगे. उम्मीद है कि आज भारतीय दल अपना पांचवां गोल्ड जीत पाए. चलिए आपको आज हुए या होने वाले सभी गेम्स की लाइव अपडेट बताते हैं.
भारत को मिला दिन का पहला मेडल (शूटिंग सिल्वर)
मंगलवार को महिला शूटिंग टीम ने ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर शूटिंग में देश के मेडल जीतने का सिलसिला जारी रखा. नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की तिकड़ी ने कुल मिलाकर 328 का स्कोर किया और गोल्ड मेडल जीतने वाले चीन (346) के बाद दूसरे स्थान पर रहीं. चीनी टीम में लियू शानशान, सन युनोंग और झू जिंग्यु शामिल थीं. कुवैत की तिकड़ी- अलहवाल शहाद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा – ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता. नीरू ने कतर की रे बासिल के साथ 118 के स्कोर पर संयुक्त रूप से टॉप करते हुए आठ-शूटर वाले फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया. यह स्कोर खेलों का क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड है. अहलावत और कीर व्यक्तिगत इवेंट में क्रमशः 16वें और 23वें स्थान पर रहीं.,
धीरज और नीरज रिकर्व तीरंदारजी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. क्वार्टर फाइनल में धीरज का सामना उज्बेकिस्तान के अमिरखोन सादिकोव से होगा, जबकि नीरज चौहान भूटान के लाम दोरजी के खिलाफ उतरेंगे. प्री-क्वार्टर फाइनल में नीरज ने दक्षिण कोरिया के 22 वर्षीय किम जे डिओक को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया. किम तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं. नीरज ने मुकाबला 30-28, 29-29, 29-30, 29-29, 29-27 के स्कोर से अपने नाम किया. धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से मात दी.
विपिन की हार के साथ कुराश में भारत का अभियान खत्म
विपिन कुमार की हार के साथ कुराश स्पर्धा में भारत का अभियान मंगलवार को पुरुषों के 66 किलोग्राम वर्ग में समाप्त हो गया. अंतिम-16 के मुकाबले में 24 वर्षीय विपिन को दक्षिण कोरिया के ह्योनसू यून के हाथों 0-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी. इस तरह भारत ने कुराश में एक पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया. सोमवार को पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था.
सर्फिंग में किशोर कुमार अनबरासु का शानदार अभियान समाप्त
एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किए सर्फिंग में पुरुषों की शॉर्टबोर्ड स्पर्धा में भारत के किशोर कुमार अनबरासु का शानदार सफर आज खत्म हो गया. वह क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के टोबी एस्पेजोन के हाथों हारकर बाहर हो गए. किशोर ने एस्पेजोन को कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह 5.37-8.53 के स्कोर से मुकाबला हार गए। इस हार के साथ ही उनका पदक दौर में पहुंचने का सपना भी टूट गया.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें

