Last Updated:
Agra Road Accident: यूपी के आगरा में तेज रफ्तार कार पलट गई. कार में 5 लोग सवार थे, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग बुरी तरह घायल है. कार सवार सभी लोग दिल्ली से बलिया जा रहे थे.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा.
आगरा: यूपी के आगरा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. थाना ढोकी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया.
जानकारी के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे. सभी दिल्ली से बलिया जा रहे थे. बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर कार तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भयंकर था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया. हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की सही वजह साफ हो सकेगी.
एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद कुछ समय के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया. हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान और उनके परिवार वालों को सूचना देने की प्रक्रिया भी पुलिस की ओर से की जा रही है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें

