नगोया: भारतीय टीम एशियाई खेलों की सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा के पुरूष टीम क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया से 0-2 से हार गई. भारत ने ग्रुप सी में मंगोलिया और लाओ को हराया जबकि चीनी ताइपै से पराजय का सामना करना पड़ा.
भारतीय टीम में जय मीणा, आर्यन ठाकुर, योगेश चौधरी , अनिकेत पाटिल और ओम यादव हैं. दूसरे क्वार्टर फाइनल में वे इंडोनेशिया से हार गए, जिसमें फर्नांडो सांगेर, टियो हुतारूक, मोहम्मद फालेवी, रिजकी लालुयान और बागुस प्राडेवा थे.
जय मीणा और योगेश चौधरी को पुरूष युगल मुकाबले में टियो और फर्नांडो ने हराया. आर्यन ठाकुर को पुरूष एकल में बागुस ने मात दी. तीसरा मैच रद्द कर दिया गया. सॉफ्ट टेनिस एक रैकेट वाला खेल है जिसकी शुरुआत इन एशियाई खेलों की मेजबानी कर रहे जापान में हुई थी, इसमें खिलाड़ी अंक बनाने के लिए नेट के ऊपर से एक नरम और हल्की रबर की गेंद को मारते हैं.
इसका कोर्ट टेनिस के कोर्ट जितना ही बड़ा होता है और टीम प्रतियोगिताओं में ‘बेस्ट ऑफ थ्री’ मुकाबले के दौरान जो खिलाड़ी सबसे पहले चार अंक जीतता है, वह विजयी रहता है.
एशियाई खेलों में भारत समेत छह देशों का ध्वजारोहण समारोह शुक्रवार को एक घंटे से ज्यादा की देरी से शुरू हुआ और बाद में बताया गया कि एशियाई ओलंपिक परिषद और स्थानीय आयोजन समिति के बीच गलतफहमी इस व्यवधान का कारण रही.
समारोह जापान के समयानुसार दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होना था जो 20 मिनट की देरी से शुरू हुआ. समारोह के लिए बैंड तैयार था और निंजा योद्धाओं की तरह सजे कलाकार भी अपने हुनर की नुमाइश का इंतजार कर रहे थे.
भारत के अभियान प्रमुख सहदेव यादव और चार अभियान उप प्रमुख अचंता शरत कमल, लिजो डेविड टी, अलकनंदा अशोक और अंजलि भागवत गार्डन पियर पर समारोह के लिये मौजूद थे. यह स्थान खिलाड़ियों के लिए बने कंटेनरनुमा आवास के करीब है.
समारोह में यमन, उत्तर कोरिया, फलस्तीन, भारत, चीनी ताइपे और तिमोर लेस्टे को भाग लेना था लेकिन उन्हें इंतजार करने को कहा गया. पंद्रह मिनट इंतजार के बाद उन्हें अपने अपने विश्राम क्षेत्र में जाने को कहा गया.

