Last Updated:
Asian Games 2026: 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच खेले जाने वाले एशियन गेम्स से पहले जापान की जमकर किरकिरी हो रही है. आइची-नागोया में होने वाले खेलों में 45 देशों के एथलीट्स पहुंच चुके हैं. मगर बदइंतजामी ने अपने पैर ऐसे पसारे कि खिलाड़ी हताश हो चुके हैं. मैदान पर उतरने से पहले ही ‘थक’ चुके हैं.
एशियन गेम्स में बदइंतजामी
बदइंतजामी और अव्यवस्था के लिए पहले ही बदनाम हो चुका एशियन गेम्स 2026 में अब नए विवाद में फंसता नजर आ रहा है. नगोया में खेले जाने वाले एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों को 14 घंटे से ज्यादा समय तक भूखे-प्यासे रहना पड़ा. न ठहरने के लिए कमरे की व्यवस्था थी और न आराम करने के लिए बिस्तर. 10 घंटे से ज्यादा की थकाऊ हवाई यात्रा (साढ़े तीन घंटे का स्टॉपओवर) के बाद जब भारतीय खिलाड़ी बुधवार सुबह जापान के नागोया पहुंचे तो वहां की व्यवस्था देखकर सभी को निराशा मिली.
शहर में खड़े क्रूज शिप पर कमरे मिलने का इंतजार हर घंटे बढ़ता गया. स्थानीय अधिकारियों से भी कोई खास मदद नहीं कर रहे थे. जिन एथलीट्स को जैसे-तैसे रहने की जगह मिल पाई, उन्हें भी आपस में सुविधाएं शेयर करनी पड़ीं. आयोजन समिति ने दूसरे देशों की टीमों को भी कमरे दे दिए थे. शायद वहां पहुंचने वाले खिलाड़ियों की संख्या का गलत अंदाजा लगाने की वजह से ऐसा हुआ.
भारतीय रोइंग टीम ने अपनी आपबीती सुनाई. 30 सदस्यों वाली रोइंग टीम के साथ जापान गए एक खिलाड़ी ने बताया- हम सुबह करीब 9 बजे (JST) उस जगह पहुंचे और अभी रात के 8:30 बज रहे हैं, लेकिन हममें से कुछ ही लोगों को कमरे मिले हैं. जिन लोगों को कमरे मिले, उनसे भी कहा गया कि वे और एथलीटों को अपने साथ रखें. ऐसा लगता है कि आयोजकों ने एथलीटों की संख्या का गलत अंदाजा लगाया है.
सिर्फ रोअर ही नहीं बल्कि भारतीय निशानेबाजों और देश की कुछ और टीमों को भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा. असल में निशानेबाजों को एक अलग होटल में चेक-इन करना पड़ा क्योंकि जिस जगह उन्हें ठहराया जाना था, वह जगह किसी और ने ले ली थी. भारतीय ओलंपिक संघ के कुछ सदस्यों को भी आनन-फानन में पास के होटल में ले जाना पड़ा और फिलहाल मेडिकल टीम को भी उनके साथ ही ठहराना पड़ा. गौरतलब है कि IOA अधिकारी भी टीम का हिस्सा हैं और उन्हें गेम्स विलेज में ही ठहरना था.
आयोजक समिति के अनुसार लगभग 4,000 एथलीटों और अधिकारियों को ‘कोस्टा सेरेना’ नाम के जहाज़ पर ठहराया जाना है. यह जहाज़ लगभग 3,000 मीटर लंबा है और इसमें 1,500 केबिन हैं. इसके अलावा, लागत कम करने के लिए प्रतिभागियों को लकड़ी के कंटेनर-जैसे केबिन और स्टैंडर्ड होटल के कमरों में भी ठहराया जाएगा.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें

