रायबरेली में बुधवार को राहुल गांधी ने दिशा की बैठक में खराब सड़कों की फोटो दिखाई। राहुल गांधी ने बैठक के दौरान गड्ढों वाली सड़कों की फोटो दिखाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा हे।
लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र की खराब सड़कों की तस्वीरें दिखाई। गड्ढों वाली सड़कों की फोटो दिखाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा हे। दिशा की बैठक के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि बैठक में राहुल एक अलग अंदाज में नजर आये और उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनवायी गयी सड़कों में गड्ढे होने की तस्वीरें दिखायीं।
समाचार एजेंसी को उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी सड़कों के नाम गिनाते हुए राहुल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि आखिर इन सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं और इन्हें ठीक करने के लिए वे क्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि कौन सी सड़क किस कार्यदायी संस्था ने बनायी है, यह चिह्नित किया जाना चाहिये। सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई के अधिषासी अभियंता ने बैठक में कहा कि सड़कों के गड्ढों को ठीक कराया जाएगा।
पार्टी पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की
बैठक खत्म होने के बाद सांसद राहुल गांधी बाहर निकले और संवाददाताओं से बिना कुछ कहे चले गए। बैठक में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने संवाददाताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ रायबरेली को प्राप्त हो रहा है। बैठक में प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए। इससे पहले, अपने रायरबेली दौरे के दूसरे और अंतिम दिन बुधवार को राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इस दौरान अमेठी और सुलतानपुर के भी काफी संख्या में लोग राहुल गांधी से मिलने पहुंचे।
राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया
शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील सिंह भदौरिया ने बताया कि रायबरेली, अमेठी और सुलतानपुर जनपद के लोगों ने सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की।उन्होंने बताया कि इस दौरान राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। भदौरिया ने बताया कि राहुल गांधी ने अपने इस दौरे पर करीब तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। दिशा की बैठक से पहले, रायबरेली कचहरी के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत स्थानीय मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है। सपा के विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भाटी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे, जिनमें उन मुद्दों का जिक्र था जिन्हें वे बैठक में उठाना चाहते थे। विधायकों के लिये गये पोस्टरों में स्कूल बंद होने, भू-माफिया द्वारा कथित कब्जे, झूठे मामलों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और खराब बुनियादी सुविधाओं का जिक्र था।

