सीतापुर में एक महिला ने आरोप लगाया है संपत्ति के लिए उसके पति की हत्या कर दी गई। महिला ने पति की हत्या का आरोप अपनी दो ननदों पर लगाया है। उसका आरोप है कि इकलौते भाई की संपत्ति हड़पने के लिए उसकी दोनों बहनों ने अपने पति के साथ मिलकर मेरे पति की हत्या कर दी।
Sitapur Murder: यूपी के सीतापुर जिले से एक सनसनीखेज मामला मामला सामने आया है। यहां संपत्ति के लालच में रिश्तों का खून हो गया। दो बहनों ने इकलौते भाई की जमीन-जायदाद हथियाने के लिए अपने पतियों के साथ मिल उसकी हत्या की साजिश रच डाली। मृतक की बीवी साबिदा का आरोप है कि संपत्ति को लेकर लंबे समय से उसे और उसके पति इब्राहीम को प्रताड़ित किया जा रहा था।
जून में इब्राहीम अचानक लापता हुआ और बाद में उसका शव शारदा सहायक नहर में मिला। पत्नी ने इसे हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर महमूदाबाद पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाई की जमीन पर पर कब्जा करना चाहती थीं बहनें
सदरपुर थाना क्षेत्र के रमद्वारी निवासी साबिदा ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले उसका निकाह महमूदाबाद क्षेत्र के मिश्रिखा निवासी इब्राहीम से हुआ था। इब्राहीम परिवार का इकलौता पुरुष था। आरोप है कि उसकी विवाहित बहनें सोफिया बानो और साइमा परवीन भाई की जमीन और संपत्ति पर कब्जा करना चाहती थीं। इसी वजह से शादी के बाद से ही साबिदा और इब्राहीम को परेशान किया जा रहा था। पत्नी के आरोप के मुताबिक जून में सोफिया बानो ने अपने पति जावेद उर्फ गुड्डू और साइमा परवीन ने अपने पति शमी अहमद के साथ मिलकर इब्राहीम का अपहरण कर लिया।
पति को शारदा नदी में फेंका
महिला का आरोप है कि उसके पति शारदा सहायक नहर में फेंक दिया गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी तलाश के बाद इब्राहीम का शव नहर से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद साबिदा ने महमूदाबाद कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर पति की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं होने का आरोप है। इसके बाद 30 जून को न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार रात पुलिस ने सोफिया बानो, जावेद उर्फ गुड्डू, साइमा परवीन और शमी अहमद के खिलाफ हत्या, अपहरण समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना निरीक्षक दयाशंकर सिंह कर रहे हैं।

