Sonbhadra News – चोपन विकास खंड के कोटा ग्राम पंचायत के भकसिहवा प्राथमिक विद्यालय में शारदा संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने शिक्षा और संस्कार की महत्ता…
डाला, हिन्दुस्तान संवाद। चोपन विकास खंड अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के भकसिहवा प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को शारदा संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि सुख सागर उपाध्याय व विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त अध्यापक ह्रदय नारायण तिवारी, भाजपा नेता मुकेश जैन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जितनी जिम्मेदारी बच्चों को पढ़ाने की अभिभावक की है उतनी ही शिक्षकों की है। अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रुप देते हैं। हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। कहा कि परिवारों के बढ़ने के साथ-साथ उनकी युवा पीढ़ी को संस्कारित एवं सकारात्मक मार्ग दर्शन की आवश्यकता है। कार्यक्रमों से छात्रों में छिपी हुई प्रतिभा को निखारना आसान होता है। देश के प्रधानमंत्री मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी द्वारा गांव, शहर व नगर में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। बच्चे भगवान का रुप होते हैं। मानव जीवन की प्रथम पाठशाला बच्चों का परिवार है। इसलिए बच्चों को संस्कारवान बनाना उनको उठना बैठना सिखाना नियमित विद्यालय भेजना माता -पिता की जिम्मेदारी है। प्रधानाध्यापक डा.अरविन्द कुमार ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत तीन छात्रों विवेक, अजीत व नेहा का चयन एकलव्य विद्यालय में हो गया है। यह विद्यालय के लिए गौरव की बात है। वहीं विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को गोल्ड मेडल व स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया। संचालन शिक्षक राघवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर शिक्षक चंद्र प्रकाश शर्मा, वंदना मिश्रा, अनुराधा त्रिपाठी, प्रदीप बसु आदि मौजूद रहे।